अल्मोड़ा: विश्व डाक दिवस के अवसर पर भारतीय डाक विभाग द्वारा 9 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक पूरे जिले में विशेष ‘डाक सप्ताह’ मनाया जा रहा है।
लगेंगे शिविर
इस दौरान अल्मोड़ा डाक मंडल द्वारा आमजन को विभागीय योजनाओं से जोड़ने और डाक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के लिए कई ग्राहक-केंद्रित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। डाक सप्ताह के दौरान जिले के सभी डाकघरों में विशेष गतिविधियों का शुभारंभ किया गया। इस अवधि में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ‘ढाई आखर पत्र लेखन प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, आम जनता को घर-घर सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से अल्मोड़ा डाक मंडल में विशेष शिविरों और ‘डाक चौपालों’ का आयोजन किया जाएगा।
इन डाक चौपालों के माध्यम से लोगों को भारतीय डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं, बीमा योजनाओं और अन्य नागरिक-केंद्रित सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही ग्राहकों की समस्याओं के निवारण और सुझावों के लिए ‘ग्राहक गोष्ठियों’ का आयोजन होगा, जिससे सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। स्थानीय स्तर पर आधार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
योजनाओं का लाभ
डाक विभाग के अनुसार, डाक सप्ताह मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और व्यवसायियों के दैनिक जीवन तथा सामाजिक-आर्थिक विकास में डाक सेवाओं के महत्व को रेखांकित करना है। विभाग का प्रयास है कि इन कार्यक्रमों के जरिए ग्राहकों के साथ संवाद को मजबूत किया जाए और अधिक से अधिक लोगों को जनोपयोगी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाए।