Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सरकार के 4 साल पूरे होने पर भव्य कार्यक्रमों की तैयारी, CDO ने परखीं व्यवस्थाएं

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार के कार्यकाल के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 23 से 25 मार्च तक जनपद में “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के दिशा-निर्देशन में इन कार्यक्रमों को भव्य और प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजी शरण शर्मा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

​जनकल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार

​बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन तीन दिवसीय कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य पिछले चार वर्षों में सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व विकास कार्यों और जनहितैषी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से उपलब्धियों की जानकारी प्रभावी ढंग से प्रसारित की जाए।

​जनसेवा शिविरों से होगा समस्याओं का समाधान

​CDO रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल उत्सव ही नहीं, बल्कि सेवा को प्राथमिकता दी जाए। इसके तहत आम जनता की शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निस्तारण किया जाएगा। पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से तत्काल लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। सीडीओ ने कहा कि”यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाने का एक बड़ा अवसर है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता के साथ करें और कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करें।”

​आपसी समन्वय पर जोर

​मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें ताकि कार्यक्रमों का संचालन सुचारु रूप से हो सके। बैठक में वर्चुअली जुड़े अधिकारियों में परियोजना निदेशक (DRDA) के.एन. तिवारी, जिला विकास अधिकारी एस.के. पंत समेत विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

Exit mobile version