Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज: मतदान केंद्रों पर दुरुस्त होंगी बिजली, पानी और शौचालय की व्यवस्थाएं, डीएम ने भौतिक सत्यापन के दिए आदेश

​अल्मोड़ा: आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

बैठक का आयोजन

इसी क्रम में बीते कल सोमवार (3 नवंबर) को विकास भवन सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में निर्वाचन कार्यों के लिए नामित सभी नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन से जुड़ी सभी तैयारियां सुनियोजित और समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसा महत्वपूर्ण कार्य बेहद संवेदनशील है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नोडल अधिकारी आवंटित कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करें।

​मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों का समय रहते भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, प्रकाश व्यवस्था और पहुंच मार्ग जैसी मूलभूत सुविधाओं की जांच पहले ही कर ली जाए। जहां भी कमियां पाई जाएं, उन्हें संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर समय पर दुरुस्त कराया जाए ताकि मतदाताओं और चुनाव कार्मिकों को कोई असुविधा न हो।

​प्रशिक्षण व्यवस्था पर हुई चर्चा

समीक्षा बैठक के दौरान निर्वाचन कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदान सामग्री, परिवहन, संचार और सुरक्षा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आवश्यक संसाधनों का पूर्व आकलन कर लें।
​
रहें उपस्थित

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित चुनाव से जुड़े सभी नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version