Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सरकार के 4 साल पूरे होने पर भव्य आयोजनों की तैयारी, 23 से 25 मार्च तक चलेंगे कार्यक्रम

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। उत्तराखंड सरकार के कार्यकाल के सफल चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद अल्मोड़ा में “जन-जन की सरकार, चार साल बेमिसाल” थीम के तहत भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक चलने वाले इन कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।

मल्ला महल में होगा मुख्य समारोह

​जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन 23 मार्च 2026 को ऐतिहासिक मल्ला महल में किया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजी शरण शर्मा ने बताया कि इस दौरान विकासखंड स्तर पर भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ सरकार की जनहितकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

स्वास्थ्य शिविर और उपकरणों का वितरण

​मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, उत्सव के दौरान जनसेवा पर विशेष फोकस रहेगा। महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष शिविर लगाएगा, जहाँ उपचार और परामर्श निःशुल्क मिलेगा।पात्र दिव्यांगों और अन्य लाभार्थियों को सहायक उपकरणों का वितरण करेगा। विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लोगों को तुरंत लाभान्वित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सांस्कृतिक छटा और युवा सहभागिता

​इस अभियान में उत्तराखंड की लोक संस्कृति का तड़का भी लगेगा। मुख्यालय पर लोक नृत्य और लोक संगीत के कार्यक्रमों के साथ-साथ स्कूलों में भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि युवा पीढ़ी भी विकास की इस यात्रा से जुड़ सके। स्वरोजगार की राह तलाश रहे युवाओं के लिए विशेष जानकारी स्टॉल लगाए जाएंगे। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण और सशक्तिकरण के बारे में जागरूक किया जाएगा। सूचना विभाग द्वारा शासन की उपलब्धियों से संबंधित सामग्री का वितरण भी किया जाएगा। जिला प्रशासन ने जनपद वासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रमों में पहुँचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।

Exit mobile version