Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट बने एसएसजे विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलपति, राज्यपाल ने जारी किया आदेश

अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा को नया कार्यवाहक कुलपति मिल गया है।विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष और परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट को अंतरिम व्यवस्था के तहत यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मंगलवार को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी किए।

6 महीने या नियमित नियुक्ति तक संभालेंगे पद

​प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का तीन वर्ष का कार्यकाल सोमवार को समाप्त हो गया था। विश्वविद्यालय अधिनियम के तहत तत्काल नियमित कुलपति की नियुक्ति संभव न होने के कारण कुलाधिपति ने अंतरिम व्यवस्था के तौर पर प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट को मंगलवार से आगामी छह माह के लिए कुलपति नियुक्त किया है। यह नियुक्ति नियमित कुलपति के पदभार ग्रहण करने या अग्रिम आदेश जारी होने तक प्रभावी रहेगी।

अनुभव और जिम्मेदारी

​प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट लंबे समय से विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष और एसएसजे परिसर निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब निवर्तमान कुलपति का कार्यकाल पूरा होने के बाद, नए नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक विश्वविद्यालय की प्रशासनिक और शैक्षणिक गतिविधियों का नेतृत्व प्रो. बिष्ट करेंगे।

Exit mobile version