Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: क्वारब स्लाइड जोन की बाधा होगी दूर, डीएम ने जांचा सुधारीकरण कार्य, दिए बायपास जल्द शुरू करने के निर्देश

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज बुधवार को क्वारब स्थित स्लाइड जोन के सुधारीकरण कार्यों का औचक निरीक्षण किया।

दिए यह निर्देश

जिस पर उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की महत्ता को देखते हुए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुधारीकरण कार्य के दौरान वाहनों का संचालन व्यवस्थित रहे, ताकि यात्रियों और पर्यटकों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

​लोगों को बायपास मार्ग से मिलेगी राहत

​स्लाइड जोन का निरीक्षण करने के बाद जिलाधिकारी नवनिर्मित क्वारब बायपास मार्ग पहुंचे। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से मार्ग की गुणवत्ता और शेष बचे कार्यों की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया‌ क्वारब के स्लाइड प्वाइंट पर बार-बार आने वाली बाधाओं से निजात पाने के लिए इस बायपास का निर्माण किया गया है। इसके जल्द संचालन से जहाँ एक ओर यात्रियों को निर्बाध मार्ग मिलेगा, वहीं दूसरी ओर स्लाइड जोन के सुधारीकरण कार्यों में भी तेजी आएगी। साथ ही आगामी पर्यटन सीजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी ने इस मार्ग को जल्द से जल्द पूरी तरह संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सुधारीकरण और बायपास के काम साथ-साथ चलने से यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी।

रहें मौजूद

इस मौके पर निरीक्षण के‌ दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं सहित जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल, तहसीलदार ज्योति धपवाल व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version