अल्मोड़ा: श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की ऐतिहासिक रामलीला में भगवान श्रीराम के वनवास से जुड़े केवट प्रसंग, भील प्रसंग, वनवासिन प्रसंग, महर्षि वाल्मीकि प्रसंग तथा चित्रकूट में भरत मिलाप तक की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया।
रामलीला मंचन
जिसमें कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों से दर्शकों को रामकथा के महत्वपूर्ण प्रसंगों से भावनात्मक रूप से जोड़ा। केवट प्रसंग में प्रभु श्रीराम के प्रति केवट की अटूट श्रद्धा, प्रेम और समर्पण को दर्शाया गया। वहीं भील एवं वनवासिन प्रसंगों के माध्यम से सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया गया। महर्षि वाल्मीकि प्रसंग ने भारतीय संस्कृति में ज्ञान, धर्म और मर्यादा के महत्व को उजागर किया। चित्रकूट में भरत मिलाप का प्रसंग विशेष आकर्षण रहा। भरत जी का प्रभु श्रीराम के प्रति असीम प्रेम, त्याग और समर्पण तथा श्रीराम की वचनबद्धता ने दर्शकों को भावुक कर दिया। इस प्रसंग ने पारिवारिक प्रेम, कर्तव्य और मर्यादा के आदर्शों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
रहें मुख्य अतिथि
इस अवसर पर सेवानिवृत्त वैज्ञानिक डीआरडीओ हेमंत पांडे, भाजपा महिला मोर्चा अल्मोड़ा की अध्यक्ष कमला तिवारी, कूर्मांचल बैंक अल्मोड़ा के प्रबंधक हिमांशु साह, रघुनाथ ज्वैलर्स के श्री संजय वर्मा, तरुण ज्वैलर्स के तरुण वर्मा तथा महाजन इलेक्ट्रॉनिक्स के योगेंद्र महाजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने रामलीला की सराहना करते हुए इसे अल्मोड़ा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।रामलीला के सफल आयोजन में संस्था के अध्यक्ष धरनीधर पांडे, सचिव विनीत बिष्ट तथा रामलीला संयोजक एवं पूर्व सभासद राजेंद्र तिवारी सहित समस्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यवस्थाओं में त्रिभुवन गिरी, हर्षवर्धन वर्मा, मीनाक्षी साह अग्रवाल, मीनाक्षी जोशी, ललित मोहन साह, मनोज साह, भरत गोस्वामी, कंचन बिष्ट, अभय उप्रेती, मणिकरण गुप्ता, मानस वाणी, पारस, रोहित साह, चंदन आर्य, गौरव तिवारी, विजय चौहान, आकांक्षा, नीलम भट्ट, गीता तिवारी एवं हर्षिता तिवारी सहित अन्य सहयोगियों ने योगदान दिया।श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की रामलीला अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने का कार्य कर रही है।
दिए पुरस्कार
मंचन के समापन पर प्रतिदिन की भांति लकी ड्रॉ आयोजित किया गया, जिसमें दस भाग्यशाली दर्शकों को पुरस्कार प्रदान किए गए।