Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के तहत खोजी जाएंगी दुर्लभ पाण्डुलिपियां और ताम्रपत्र, सीडीओ ने दिए यह निर्देश

अल्मोड़ा: देश की अमूल्य सांस्कृतिक और बौद्धिक धरोहर को सहेजने के लिए ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ के अंतर्गत राष्ट्रीय पाण्डुलिपि सर्वेक्षण अभियान तेजी से शुरू होने जा रहा है।

बैठक का आयोजन

इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आज विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
​क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी डॉ. चन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पुरानी पाण्डुलिपियों, ताड़पत्रों, ताम्रपत्रों और दुर्लभ ग्रंथों को खोजना, उनका डिजिटलीकरण करना और उन्हें सुरक्षित रखना है।
​इन दुर्लभ धरोहरों की होगी तलाश व सूचीकरण

​बैठक में सरकारी व निजी संस्थानों और व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं के पास मौजूद निम्नलिखित प्राचीन सामग्रियों के चिन्हीकरण और सूचीकरण पर विस्तृत चर्चा हुई। जिसमें पाण्डुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ और दुर्लभ ग्रंथ, ताड़पत्र, बड़पत्र और भोजपत्र, ताम्रपत्र, पुराने बर्तनों, मूर्तियों और मुद्राओं पर लिखे प्राचीन अभिलेख शामिल हैं।
​सीडीओ ने दिए निर्देश

​मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को उनकी भूमिका और कार्य योजना समझाते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनपद के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच शैक्षिक जागरूकता फैलाएं। उनके आस-पास मौजूद ऐसी किसी भी प्राचीन सामग्री या व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं की जानकारी जुटाकर सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि वे अपने स्तर पर संस्थागत संग्रह केंद्रों, व्यक्तिगत संग्रहकर्ताओं और आम जनता से संपर्क स्थापित कर ऐसे लोगों की पहचान करें जिनके पास यह अमूल्य धरोहर सुरक्षित है।

डिजिटलीकरण के बाद वापस मिलेगी धरोहर

क्षेत्रीय पुरातत्व अधिकारी ने साफ किया कि आम जनता या संग्रहकर्ताओं को डरने की जरूरत नहीं है। उनके पास सुरक्षित पाण्डुलिपियों और दुर्लभ ग्रंथों का सिर्फ डिजिटलीकरण किया जाएगा। पूरी सुरक्षा के साथ मूल सामग्री को वापस उनके स्वामियों को सौंप दिया जाएगा।

रहे मौजूद

इस बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, परियोजना निदेशक (जिला ग्राम्य विकास अभिकरण), मुख्य शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version