Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: दुर्लभ नजारा: कोसी नदी में एक साथ दिखे 10 ऊदबिलाव, पर्यावरण प्रेमियों में उत्साह

अल्मोड़ा/मोहान: अल्मोड़ा में जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों के बीच अल्मोड़ा वन प्रभाग की मोहान रेंज से एक उत्साहजनक तस्वीर सामने आई है। यहाँ शिवालिक की तलहटी में बहने वाली कोसी नदी में 8 से 10 ऊदबिलावों (Otters) का एक दुर्लभ समूह एक साथ देखा गया है। वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि यह इस क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) के मजबूत होने का सीधा संकेत है।

एक दशक बाद लौटी रौनक

मिली जानकारी के अनुसार लगभग दस साल पहले वन विभाग द्वारा किए गए सर्वे में इस क्षेत्र में ऊदबिलावों की संख्या काफी कम पाई गई थी। हालांकि, मत्स्य संरक्षण और नदी क्षेत्र में अनियोजित विकास पर रोक लगाने के बाद इनकी संख्या में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से ये फिर से ओझल हो गए थे। अब एक साथ इतने बड़े कुनबे का दिखाई देना पर्यावरण के नजरिए से बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

काफी महत्वपूर्ण है इनकी उपस्थिति

विश्व प्रकृति निधि (WWF) कार्बेट फाउंडेशन के उपनिदेशक हरेंद्र बर्गली के अनुसार‌ ऊदबिलाव केवल स्वच्छ जल स्रोतों और जहाँ मछलियाँ प्रचुर मात्रा में हों, वहीं रहते हैं। इनका दिखना यह दर्शाता है कि कोसी नदी के जल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है और मानवीय हस्तक्षेप कम हुआ है। यह कोसी क्षेत्र में सकारात्मक पर्यावरणीय परिस्थितियों का प्रमाण है।

Exit mobile version