Site icon Khabribox

अल्मोड़ा में भारी बारिश का अलर्ट, डीएम ने कसी कमर, अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने की सख्त हिदायत

अल्मोड़ा: जनपद में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बुधवार को सभी उपजिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले की स्थिति की समीक्षा की।

मुख्यालय पर तैनात रहेंगे अधिकारी

जिस पर उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी ‘अलर्ट मोड’ पर रहें और किसी भी आपात स्थिति में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।‌ जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में नामित सभी आईआरएस (IRS) अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशासी अभियंता अनिवार्य रूप से अपने-अपने मुख्यालयों पर उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवरुद्ध मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश

​बारिश के कारण बंद होने वाले मोटर मार्गों को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि जेसीबी संचालकों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा जाए। सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मशीनरी तैनात कर यातायात सुचारू किया जाए। संबंधित अधिकारी किसी भी आकस्मिक घटना पर तुरंत एक्शन लें। साथ ही जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

कंट्रोल रूम नंबर जारी

​किसी भी आपदा या दुर्घटना की सूचना त्वरित रूप से देने के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने जनता और अधिकारियों से अपील की है कि किसी भी घटना की जानकारी बिना देरी किए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के निम्नलिखित नंबरों पर दें।
• ​दूरभाष: 05962-237874, 05962-237875
• ​मोबाइल: +91 7900433294

Exit mobile version