Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: कल भी भारी बारिश का रेड अलर्ट, डीएम ने जनपदवासियों से की यह अपील, अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश

भारत मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अल्मोड़ा जनपद में कल 7 जुलाई 2024 को भी बारिश का रेड अलर्ट जारी हुआ है‌ तथा भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है।

इन दूरभाष नंबरों पर दे जानकारी

मौसम की संभावित परिस्थितियों को देखते हुए अल्मोड़ा के जिलाधिकारी विनीत तोमर ने जनपद वासियों से अपील की है कि सभी नागरिक सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने कहा कि बारिश की परिस्थितियों में अनावश्यक रूप से गाड़ गधेरों के आस पास न जाएं, यदि बहुत जरूरी न हो तो घरों से बाहर न निकलें, एवं न ही किसी यात्रा पर जाएं, पहाड़ के ढलाव वाले स्थानों पर जाने से बचें। उन्होंने अपील की है कि स्वयं के साथ साथ दूसरों का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में जनपद आपदा परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबरों 05962-237874/ 237875 7900433294 पर जानकारी दें।
    
जनपद स्तरीय अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने नामित आईआरएस (इंसीडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम) के अधिकारियों को भी निर्देश दिए हैं कि यदि आपदा संबंधी कोई सूचना आती है तो रिस्पॉन्स टाइम कम से कम रहे एवं त्वरित कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि कोई भी अधिकारी उनकी परमिशन के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ेगा और न ही अवकाश पर जाएगा। जिलाधिकारी ने जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को निर्देश दिए कि आपदा से संबंधित सभी उपकरण एवं दूरभाष सिस्टम चालू स्थिति में रहे तथा आपदा परिचालन केंद्र के सभी कार्मिक अपने अपने दायित्वों पर सजगता से उपस्थित रहें। उन्होंने सड़कों, पानी, बिजली एवं अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति से जुड़े अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न होने पर त्वरित कार्यवाही की जाए एवं सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से रहें। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी लापरवाही बरतता है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल डीएम ने दिए यह निर्देश

नैनीताल जिले में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। लगातार जिला प्रशासन की टीम लोगों को अलर्ट कर रही है। इसके अलावा सिटी मजिस्ट्रेट ने हल्द्वानी में भारी बारिश के चलते रक्सिया और कलसिया नाले के किनारे रह रहे लोगों को निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।काठगोदाम कलसिया नाले के पास निवासरत लोगों को भारी बरसात से खतरे की संभावना के दृष्टिगत सुरक्षित स्थान पर भेजा जा रहा है। उधर अल्मोड़ा हाईवे भी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। इधर नैनीताल हाईवे में भी मलवा आया है। डीएम ने कहा कि भारी बारिश से पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन की संभावनाएं हैं अतः आम जनता से अपील है कि अति आवश्यक न हो तो पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से बचें और नदी नालों से दूर रहें।

Exit mobile version