Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: रेडक्रॉस सोसाइटी को मिलेंगे नए संसाधन, डीएम ने दी स्ट्रेचर और एम्बुलेंस खरीद को मंजूरी

​अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने समाज के जरूरतमंद वर्गों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए और नए संसाधनों की खरीद को हरी झंडी दिखाई।

आपातकालीन सेवाओं का होगा विस्तार

​बैठक के दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी के पदाधिकारियों ने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए संसाधनों की कमी का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए स्ट्रेचर, शव वाहन, व्हीलचेयर और नई एम्बुलेंस क्रय किए जाने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति प्रदान की। जिलाधिकारी ने कहा कि इन संसाधनों के आने से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में गति आएगी और मरीजों को त्वरित सहायता मिल सकेगी।

ब्लॉक स्तर पर मिलेगा आपदा प्रशिक्षण

​बैठक में एक महत्वपूर्ण निर्णय यह लिया गया कि रेडक्रॉस की पहुंच केवल जिला मुख्यालय तक सीमित न रहकर ब्लॉक स्तर तक सक्रिय की जाएगी। ब्लॉक स्तर पर गठित समितियों के सदस्यों को आपदा राहत और बचाव कार्यों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य आपदा के समय स्थानीय स्तर पर ही प्रभावी सहायता सुनिश्चित करना और रेडक्रॉस की भूमिका को सशक्त बनाना है।

विभागीय समन्वय और बेहतर क्रियान्वयन

​जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने निर्देश दिए कि समाज कल्याण विभाग और रेडक्रॉस सोसाइटी के बीच बेहतर तालमेल बिठाया जाए। उन्होंने जोर दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। संसाधनों के सदुपयोग पर बल देते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित की योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और प्रभाव के साथ लागू करें। कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी समाज सेवा का एक सशक्त माध्यम है। हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए कि किसी भी आपदा या जरूरत के समय पीड़ित व्यक्ति तक सहायता पहुंचने में देरी न हो।

रहें उपस्थित

बैठक में चेयरमैन रेड क्रॉस सोसाइटी आशीष वर्मा, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ योगेश पुरोहित, प्रदेश उपाध्यक्ष रेड क्रॉस सोसाइटी मनोज सनवाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित शाह (मोनू) सहित अन्य पदाधिकारी तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version