Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ​’रिफॉर्म उत्सव’ से बदलेगी व्यवस्था, प्रशासनिक सुधारों के लिए जनता से मांगे जाएंगे सुझाव, डीएम ने की समीक्षा बैठक

अल्मोड़ा: भारत सरकार की राष्ट्रव्यापी पहल ‘रिफॉर्म उत्सव’ की तैयारियों को लेकर आज शनिवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक आयोजित हुई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘रिफॉर्म उत्सव’ केवल व्यक्तिगत शिकायतों के निस्तारण का मंच नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य व्यवस्था से जुड़ी मूल समस्याओं का स्थाई समाधान खोजना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सारिणी के अनुसार कार्ययोजना बनाने और जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिसमें 11 सितंबर से कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार और जन-जागरूकता के साथ अभियान की शुरुआत होगी। 2 से 31 अक्टूबर तक ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में गतिविधियों के जरिए नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, किसानों और व्यापारिक संगठनों से सुधारात्मक सुझाव जुटाए जाएंगे। 10 अक्टूबर से 30 नवंबर तक विभाग प्राप्त सुझावों की समीक्षा करेंगे और उन्हें अल्पकालिक व मध्यम अवधि के सुधारों में वर्गीकृत करेंगे। 10 अक्टूबर से 20 दिसंबर तक चयनित सुधारों को धरातल पर लागू करने, निगरानी रखने और जिम्मेदारी तय करने पर काम होगा। अभियान का समापन 25 से 27 दिसंबर तक ‘संकल्प सिद्धि’ कार्यक्रम के साथ होगा, जिसमें लागू किए गए सफल सुधारों और उनके सकारात्मक परिणामों को प्रदर्शित किया जाएगा।

रहें मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी, वसुधा पंत, प्रमोद बिष्ट सहित विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version