Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: धार्मिक पर्यटन को नए पंख: वृद्ध जागेश्वर ट्रेक की बदलेगी सूरत, निरीक्षण के बाद बोले कमिश्नर- स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने शनिवार को धार्मिक एवं साहसिक पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण वृद्ध जागेश्वर से जागेश्वर धाम तक के पैदल ट्रेक मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

किया निरीक्षण

इस दौरान उन्होंने मार्ग की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया और क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन विकास की संभावनाओं को लेकर स्थानीय लोगों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए। इससे पूर्व, आयुक्त ने वृद्ध जागेश्वर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। निरीक्षण के दौरान आयुक्त दीपक रावत ने ट्रेक मार्ग के विभिन्न संवेदनशील हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही‌ आयुक्त ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि ट्रेक मार्ग पर जहां भी रास्ते टूटे या क्षतिग्रस्त हैं, उनकी तुरंत मरम्मत कराई जाए। बरसात के कारण जिन स्थानों पर फिसलन की समस्या हो रही है, वहां आवश्यक सुधारात्मक और सुरक्षा कार्य तत्काल सुनिश्चित किए जाएं।‌ उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा व सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस प्राकृतिक व धार्मिक धरोहर को सुगम और आकर्षक बनाना जरूरी है ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
​जागेश्वर धाम में परखी व्यवस्थाएं

​पैदल ट्रेक का निरीक्षण पूरा करने के बाद आयुक्त दीपक रावत प्रसिद्ध जागेश्वर धाम पहुंचे। वहां उन्होंने भगवान जागेश्वर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, पेयजल, स्वच्छता, और यातायात प्रबंधन  की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक ट्रेक मार्ग का समुचित विकास और रखरखाव होने से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version