अल्मोड़ा: एसएसजे विवि (सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय) में आंतरिक परीक्षाओं के अंक न जुड़ने के कारण 14 सौ से अधिक छात्र-छात्राओं के रिजल्ट नहीं खुल पा रहे हैं।
10 अगस्त तक समस्याओं के निराकरण के निर्देश
जिस पर विश्वविद्यालय ने 10 अगस्त तक सभी त्रुटियों को सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार विवि के स्नातक दूसरे और चौथे सेमेस्टर में समाजशास्त्र, राजनीति विज्ञान, इतिहास समेत कई अन्य विषयों के छात्रों के आंतरिक (इंटरनल) परीक्षाओं के अंक पोर्टल पर शो नहीं हो रहे हैं। विभागों के प्राध्यापकों की ओर से समय पर पोर्टल पर अंक दर्ज न किए जाने के कारण छात्रों का रिजल्ट अटक गया है। इस वजह से विद्यार्थियों को अपने परीक्षा परिणाम सुधरवाने के लिए विभागों और विश्वविद्यालय के चक्कर काटने पड़ रहे थे। जिसके बाद विवि प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह ने समर्थ पोर्टल के नोडल अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कार्य में तेजी लाने के लिए समर्थ पोर्टल की टीम में दो अतिरिक्त कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है, ताकि छात्रहित में रिजल्ट संबंधी समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण किया जा सके।