Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: एडीएम की अध्यक्षता में मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की समीक्षा, 29 जुलाई से 3 सितंबर तक होगी नोटिसों की सुनवाई

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आज बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

इस बैठक में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही कार्यवाही की जानकारी साझा की गई। बैठक में बताया गया कि जनपद की छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के कुल 4,71,938 मतदाताओं में से 98,529 मतदाताओं को विभिन्न प्रकार की विसंगतियों के आधार पर नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें द्वाराहाट में 16,962, सल्ट में 18,668, रानीखेत में 12,020, सोमेश्वर में 14,056, अल्मोड़ा में 19,266 तथा जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 17,557 मतदाताओं को नोटिस प्रेषित किए गए हैं।

दी यह जानकारी

अधिकारियों ने बताया कि इन नोटिसों की सुनवाई के लिए जनपद के 949 मतदेय स्थलों पर सुनवाई की व्यवस्था की गई है तथा 72 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AEROs) की तैनाती की गई है। विधानसभा क्षेत्रवार सुनवाई की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं, जिनके अनुसार सुनवाई का कार्य 29 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक विभिन्न चरणों में संपन्न कराया जाएगा। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जारी किए गए कुल 98,529 नोटिसों में से 50,478 नोटिस बीएलओ के माध्यम से तामील कराए जा चुके हैं, जबकि शेष नोटिसों की तामील की कार्यवाही प्रचलित है। निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है।

किया आह्वान

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता निर्धारित तिथि पर संबंधित सुनवाई स्थल पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर अपनी बात रखें, जिससे निर्वाचक नामावलियों को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराई जाएगी।

रहें उपस्थित

बैठक में कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी भारत सिंह रावत उपस्थित रहे।

Exit mobile version