Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: छात्रा की बीमारी पर गर्भवती होने की उड़ाई अफवाह, डिप्रेशन में आई पीड़िता की परीक्षा छूटी, 3 पर मुकदमा दर्ज

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जिले से सामाजिक संवेदनहीनता और मानसिक उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ दन्या क्षेत्र की एक कॉलेज छात्रा की तबीयत खराब होने पर तीन युवकों ने उसके गर्भवती होने का झूठा दुष्प्रचार कर दिया। इस अफवाह से सदमे में आई पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​जानें क्या है पूरा मामला

​मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सौंपी गई तहरीर के अनुसार, दन्या निवासी पीड़िता की कुछ दिनों पहले अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उस दौरान मानवता दिखाते हुए एक छात्र नेता और नेत्री ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धौलादेवी में भर्ती कराया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे अल्मोड़ा बेस अस्पताल रेफर कर दिया। इसी बीमारी का फायदा उठाकर क्षेत्र के तीन युवकों—रमेश सिंह गैड़ा, नन्दन सिंह गैड़ा और पूरन सिंह गैड़ा—ने छात्रा की बीमारी को छात्र नेता से जोड़ते हुए सोशल मीडिया, कॉलेज और समाज में यह अफवाह फैला दी कि छात्रा पांच महीने की गर्भवती है। पीड़ित छात्रा ने बताया कि आरोपियों का यह कृत्य पूरी तरह झूठ और बेबुनियाद है, जिसका सबूत उसकी मेडिकल रिपोर्ट है। इस झूठे दुष्प्रचार के कारण वह गहरे मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) में चली गई है। सामाजिक बदनामी के डर और मानसिक प्रताड़ना के चलते वह अपनी कॉलेज की परीक्षा भी नहीं दे पाई।


​ मुकदमा दर्ज

​इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित छात्रा की तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों (रमेश, नन्दन और पूरन) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version