Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ग्रामीण स्वच्छता को मिलेगी नई रफ्तार: इतने दिसंबर तक चलेगा ‘स्वच्छ शौचालय–गरिमामय भविष्य’ अभियान

​अल्मोड़ा: ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने और शौचालयों के नियमित उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में ‘स्वच्छ शौचालय–गरिमामय भविष्य’ अभियान की शुरुआत हो गई है। विश्व शौचालय दिवस (19 नवंबर) के अवसर पर शुरू हुआ यह विशेष अभियान आगामी 10 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा।
​

दी यह जानकारी

जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (DRDA) एवं स्वजल परियोजना के परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी ने बताया कि भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के निर्देशानुसार यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित सामुदायिक स्वच्छता परिसरों और संस्थागत शौचालयों की क्रियाशीलता, साफ-सफाई, सुरक्षा और वहां तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करना है। इस अभियान के तहत केवल जागरूकता ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर सुधार कार्य भी किए जाएंगे। इसमें पुराने या क्षतिग्रस्त शौचालयों के रखरखाव व मरम्मत को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ सुरक्षित मल कीचड़ प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, व्यक्तिगत घरेलू शौचालयों की वर्तमान स्थिति का भी आकलन किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छता और व्यक्तिगत साफ-सफाई के प्रति प्रेरित किया जा सके।

​दिए यह निर्देश

परियोजना निदेशक ने जानकारी दी कि इस अभियान के दौरान विशेष रूप से महिलाओं, बालिकाओं, स्कूली बच्चों और दिव्यांगजनों की जरूरतों को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रयास यह है कि समाज के हर वर्ग के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। के.एन. तिवारी ने बताया कि अभियान के सुचारू संचालन के लिए पंचायतीराज, शिक्षा, बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत और जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों (BDO) को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Exit mobile version