Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का आयोजन, स्कूली बच्चों को दिए गए कानूनी अधिकार और सुरक्षा के टिप्स

​अल्मोड़ा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (SALSA) के दिशा-निर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश योगेश कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में जनपद में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ चलाया जा रहा है।

शिविर का आयोजन

इसी अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 को अल्मोड़ा के विभिन्न विद्यालयों में विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह, सिविल जज (सीनियर डिविजन) आफिया मतीन और सिविल जज (जूनियर डिविजन) उदिशा सिंह के नेतृत्व में वीरशिवा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, होली एंजिल्स पब्लिक स्कूल और अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों में उपस्थित छात्र-छात्राओं को नालसा की ‘बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवाएं (मेरा बचपन मेरा अधिकार- बोलो, बताओ, बचाओ) योजना, 2024’ के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act 2012), यौन उत्पीड़न से बचाव, असुरक्षित स्पर्श  और आत्म-सुरक्षा के तरीके। बाल-विवाह निषेध, बाल-श्रम और बाल तस्करी के खिलाफ कानूनी प्रावधान, शिक्षा का अधिकार और समानता का अधिकार, आपातकालीन स्थिति के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर (112), साइबर सुरक्षा व साइबर सेल नंबर (1930), और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर (1098) की जानकारी दी गई।

दिया योगदान

​कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। इन शिविरों को सफल बनाने में विद्यालयों के शिक्षकगण और अधिकार मित्रों ने सक्रिय योगदान दिया।

Exit mobile version