Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल ने मेधावियों को सौंपे स्वर्ण पदक, 48 शोधार्थियों को मिली PhD की उपाधि

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह गुरुवार को विवेकानंद सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।

दीक्षांत समारोह का आयोजन

इस समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह रहे। इस दौरान विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को उपाधियां और पदक प्रदान किए गए। दीक्षांत समारोह में राज्यपाल द्वारा कुल 15 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए, जिनमें से पांच विद्यार्थियों को प्रायोजित स्मृति स्वर्ण पदक दिए गए। इसके अलावा विभिन्न विषयों के 48 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से सम्मानित किया गया।

पुस्तक का विमोचन

इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित “विधि सहयोगी ऐप” और पत्रकारिता विभाग के शिक्षक डॉ. ललित चंद्र जोशी की पुस्तक “पत्रकारिता : संभावनाएं, भविष्य एवं चुनौतियां” का विमोचन भी किया। अपने संबोधन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने युवाओं से बड़े सपने देखने और “लोकल टू ग्लोबल” सोच विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, मूल्य और अनुभव ही जीवन में सफलता की आधारशिला हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), साइबर सिक्योरिटी, तकनीक और सूचना प्रौद्योगिकी भविष्य के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं, युवाओं को इनमें दक्षता हासिल करनी चाहिए। राज्यपाल ने कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व की सराहना करते हुए दीक्षांत समारोह के सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
​कुलपति ने रखी प्रगति रिपोर्ट

​विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने संस्थान की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और शोध व शिक्षण गुणवत्ता को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सभी का आभार व्यक्त किया, जबकि मंच का संचालन प्रो. एस. ए. हामिद द्वारा किया गया।

रहें उपस्थित

इस गरिमामयी समारोह में स्थानीय विधायक मनोज तिवारी, महापौर अजय वर्मा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version