Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में बोले कुंदन लटवाल, कहा- ‘युवाओं का सर्वांगीण विकास ही सरकार का मुख्य संकल्प’

अल्मोड़ा: उत्तराखंड युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) कुंदन लटवाल ने आज मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।

समीक्षा बैठक का आयोजन

इस बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। बैठक को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री कुंदन लटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाएं।

दिए यह निर्देश

इस मौके पर कुंदन लटवाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी विभाग आपस में बेहतर समन्वय बनाए रखें ताकि सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुँच सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही है और सभी अधिकारियों को इसी भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पेश की और कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों से उपाध्यक्ष को अवगत कराया। राज्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।

रहें मौजूद

इस अवसर पर परियोजना निदेशक (ग्राम्य विकास अभिकरण) के.एन. तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. कांडपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Exit mobile version