अल्मोड़ा: पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए डाक विभाग की ओर से एक खास पहल की जा रही है।
पेंशन अदालत का आयोजन
इसके तहत डाक विभाग द्वारा हर महीने के पहले शुक्रवार को ‘पेंशन अदालत’ का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार इस संबंध में डाक अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अदालत का मुख्य उद्देश्य पेंशन से जुड़ी शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना है। जो भी पेंशनभोगी अपनी शिकायत दर्ज कराना चाहते हैं, वे 4 नवंबर तक वरिष्ठ अधीक्षक डाकघर कार्यालय में अपनी लिखित शिकायत प्रस्तुत कर सकते हैं।
इन मामलों पर नहीं होगी सुनवाई
विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि पेंशन अदालत में कुछ मामलों को शामिल नहीं किया जाएगा, जिनमें न्यायालय में निर्णित (फैसला हो चुके) मामले, उपभोक्ता फोरम में विचाराधीन मामले, डाक महानिदेशक द्वारा पहले ही निपटाए जा चुके मामले, पूर्व में इस प्रकार की अदालतों में शामिल किए जा चुके मामले शामिल हैं। इसके लिए संबंधित पेंशनभोगी समय रहते अपनी शिकायतें कार्यालय में जमा कर सकते हैं ताकि उनका समय पर समाधान किया जा सके।