Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: खास पहल: ग्रामीण महिलाओं को दिया जाएगा बेकरी का प्रशिक्षण, IIT रुड़की सिखाएगा मार्केटिंग के गुर






अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को ‘‘उत्तराखण्ड के ग्रामीण समुदायों के लिए एकीकृत आजीविका, नवीकरणीय ऊर्जा एवं पर्यावरण सुदृढ़ता पहल’’ परियोजना के अंतर्गत अनुगूंज परियोजना से संबंधित एक ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई।


बैठक का आयोजन


इस बैठक में वास्तुकला एवं नियोजन विभाग, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की द्वारा विकासखंड हवालबाग स्थित प्रगति स्वायत्त सहकारिता के ग्रोथ सेंटर में 19 मई, 2026 से प्रस्तावित पांच दिवसीय ‘बेकरी प्रशिक्षण’ कार्यक्रम की तैयारियों एवं कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए निर्देश दिए कि प्रशिक्षण का लाभ वास्तविक रूप से कार्य करने वाले समूह सदस्यों को ही प्रदान किया जाए तथा प्रशिक्षण के उपरांत प्राप्त कौशल को धरातल पर भी प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि ग्रामीण महिलाओं की आजीविका में वास्तविक वृद्धि सुनिश्चित हो सके।



दी यह जानकारी


भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की से जुड़े विशेषज्ञों ने अवगत कराया कि ‘‘उत्तराखण्ड के ग्रामीण समुदायों के लिए एकीकृत आजीविका, नवीकरणीय ऊर्जा एवं पर्यावरण सुदृढ़ता पहल’’ परियोजना के अंतर्गत राज्य के केवल छह विकासखंडों का चयन किया गया है, जिनमें अल्मोड़ा जनपद का हवालबाग विकासखंड भी शामिल है। परियोजना के माध्यम से ग्रामीण समुदायों की आजीविका को सुदृढ़ करने, पर्यावरणीय संवेदनशीलता बढ़ाने तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित रोजगार को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।बताया गया कि ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत प्रगति आजीविका द्वारा संचालित बेकरी यूनिट में 19 से 23 मई, 2026 तक पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें तीन दिन प्रतिभागियों को बेकरी निर्माण से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जबकि दो दिन बिजनेस प्लान, पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने विशेषज्ञों से जनपद में उत्पादित स्थानीय उत्पादों जैसे काफल, हिसालू, किल्मोड़ा एवं अन्य जंगली फलों के पोषण मूल्य का वैज्ञानिक परीक्षण कर उनकी पैकेजिंग एवं ब्रांडिंग विकसित करने तथा इंस्टाग्राम, फेसबुक, अमेजन एवं फ्लिपकार्ट जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों के माध्यम से ऑनलाइन मार्केटिंग की संभावनाओं पर कार्य करने का अनुरोध किया। इस पर विशेषज्ञों ने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की के बायो साइंस एवं बायो इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी।


रहें उपस्थित


बैठक में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, रुड़की से प्रो. अवलोकिता अग्रवाल, आजम अली खान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, राजेश मठपाल, जिला परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान, गंगा आर्या, जिला थीमैटिक विशेषज्ञ, एनआरएलएम सहित जनपद के समस्त विकासखंडों से ग्रामोत्थान परियोजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कार्मिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version