Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में रफ्तार का कहर: नशे में धुत कार सवार ने तीन को रौंदा, एक की हालत गंभीर


अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के धारानौला क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला।

तीन लोग घायल

मिली जानकारी के अनुसार जब नशे की हालत में वाहन चला रहे एक चालक ने तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार बरेली निवासी महेश सैनी (हाल निवासी अल्मोड़ा) बुधवार रात धारानौला में आयोजित एक बारात समारोह में शामिल होने आए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार वहां पहुँची और महेश सैनी समेत तीन अन्य लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी चालक अपनी कार मौके पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जब लोगों ने कार की तलाशी ली, तो वाहन के भीतर शराब की बोतलें बरामद हुईं, जिससे चालक के नशे में होने की पुष्टि हो रही है।

चल रहा उपचार

वहीं सूचना मिलते ही अल्मोड़ा पुलिस मौके पर पहुँची और कार को कब्जे में ले लिया। स्थानीय नागरिकों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महेश सैनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर कर दिया है, जहाँ एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।

पुलिस में दी तहरीर

इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में गहरा रोष है। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार ने आरोपी कार चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अल्मोड़ा कोतवाली में तहरीर सौंपी है। पुलिस फिलहाल फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version