Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: सुरक्षा और जागरूकता पर बोले एसएसपी, बैंक अधिकारियों और प्रधानाचार्यों के साथ की बैठक, सुरक्षा मानकों और नशामुक्त बचपन पर दिया जोर

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में एसएसपी चंद्रशेखर घोडके द्वारा दिनांक 28.04.2026 को जनपद अल्मोड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस कार्यालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक का आयोजन

जिसमें बैंक अधिकारियों व विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपल एवं अध्यापकों के साथ अलग अलग बैठक करते हुए बैंकिंग सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रथम चरण में एसएसपी ने बैंक अधिकारियों को सुरक्षा मानकों के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी बैंकों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, विशेष रूप से नाइट विजन कैमरों के प्रभावी उपयोग, अलार्म सिस्टम की नियमित जांच तथा सुरक्षा गार्ड की सक्रिय तैनाती पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

दिए यह निर्देश

इसके अतिरिक्त, वर्तमान समय में तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए एसएसपी  ने बैंक अधिकारियों को अपने ग्राहकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। सुरक्षित बैंकिंग के उपायों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा साइबर सतर्कता के प्रति जागरूकता फैलाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक के दूसरे चरण में विद्यालयों के प्रिंसिपल एवं शिक्षकों के साथ बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। एसएसपी महोदय ने विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में पुलिस की सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही, जिससे अभिभावकों को जागरूक कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जा सकें। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि यदि विद्यालय या उसके आसपास किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए, ताकि ऐसे कृत्यों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

रहें उपस्थित

इस दौरान सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय, निरीक्षक एलआईयू मनोज भारद्वाज, पीआरओ राहुल राठी, प्रभारी एसओजी सुनील धानिक सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण मौजूद रहें।

Exit mobile version