Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल: विभिन्न स्थानों पर परखी गई बचाव टीमों की तत्परता और रिस्पांस टाइम, कराया अभ्यास

अल्मोड़ा: राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल: विभिन्न स्थानों पर परखी गई बचाव टीमों की तत्परता और रिस्पांस टाइम, कराया अभ्यास

​अल्मोड़ा: आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को अल्मोड़ा जिले में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस अभ्यास में जिला पुलिस, एसडीआरएफ, सेना, अर्धसैनिक बलों और विभिन्न विभागों ने राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया। सुबह 10 बजे शुरू हुई यह मॉक ड्रिल अपराह्न 3 बजे सफलतापूर्वक संपन्न हुई। मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य भूकंप, बाढ़, भारी बर्फबारी, भूस्खलन और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए विभागों की तैयारियों, आपसी समन्वय, कार्यक्षमता और रिस्पांस टाइम को परखना रहा। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी वास्तविक आपदा के दौरान जनहानि व नुकसान को कम से कम रखते हुए त्वरित राहत कार्य किए जा सकें।

​कई स्थानों पर बनाए गए आपदा के काल्पनिक दृश्य

अभ्यास के दौरान जिले के अलग-अलग हिस्सों में आपदा की संभावित स्थितियों के काल्पनिक परिदृश्य तैयार कर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इनमें कोसी बैराज में जलस्तर बढ़ने, राजकीय इंटर कॉलेज स्यालीधार में भूकंप से दीवार क्षतिग्रस्त होने व कमरे में बच्चों के फंसे होने, ब्याखलीपडाव रोड (सल्ट) पर वाहन दुर्घटना, वैगनिया सड़क (लमगड़ा) पर भारी बर्फबारी में लोगों के फंसने तथा कनरा रोड पर मलबा आने से वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने जैसी घटनाएं शामिल रहीं।

​प्राथमिक उपचार का अभ्यास

सभी चिह्नित स्थानों पर टीमों ने खोज एवं बचाव अभियान, प्रभावितों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने, भीड़ नियंत्रण और त्वरित राहत पहुंचाने का अभ्यास किया। फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने भी आपात स्थिति में तत्परता से कार्रवाई करने का प्रदर्शन किया।
​
अधिकारियों ने दी ब्रीफिंग

मॉक ड्रिल के सुचारू संचालन के लिए पुलिस लाइन अल्मोड़ा में स्टेजिंग एरिया बनाया गया, जहां से राहत टीमों को ब्रीफिंग दी गई और विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में सीओ अल्मोड़ा बलवन्त सिंह रावत ने पुलिस लाइन में तथा सीओ रानीखेत भावना कैंथोला ने कोतवाली रानीखेत क्षेत्र में रेस्क्यू टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
​
रहें मौजूद

इस राज्य स्तरीय अभ्यास में जिला पुलिस, एसडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी, एसएसबी, होमगार्ड, एनसीसी, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, फायर सर्विस और जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Exit mobile version