Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: क्वारब जोन में सुरक्षात्मक कार्यों की धीमी चाल पर सख्त रुख, हिल साइड सुरक्षा कार्यों में आई तेजी, वैली साइड का काम पूरा

​अल्मोड़ा: जनपद के प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने रविवार को क्वारब जोन में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।

लिया जायजा

इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और कार्य पूरा होने की समयसीमा के संबंध में बिंदुवार जानकारी ली। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने प्रभारी सचिव को अवगत कराया कि क्वारब क्षेत्र में वैली साइड (घाटी की ओर) के सुरक्षात्मक कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जबकि हिल साइड (पहाड़ी की ओर) में सुरक्षात्मक कार्य तीव्र गति से चल रहे हैं। डॉ. पांडे ने भौतिक निरीक्षण करते हुए बचे हुए कार्यों को तय मानकों के अनुरूप शीघ्र अति शीघ्र पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
​
सुरक्षा पर विशेष जोर

​प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडे ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि क्वारब क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करना अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाए। कार्यों को इस तरह संचालित किया जाए जिससे आम जनता और राहगीरों को कम से कम परेशानी हो तथा मार्ग पर वाहनों की सुरक्षित आवाजाही बनी रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग आपस में बेहतर तालमेल बनाकर शेष बचे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।
​
रहें उपस्थित

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग खंड रानीखेत तथा लोक निर्माण विभाग (PWD) के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version