Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: युवाओं की आवाज‌दबाना लोकतंत्र की हत्या, जेल की सलाखें हमारा हौंसला तोड़ नहीं सकतीं- गोपाल भट्ट​

अल्मोड़ा: युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने धामी सरकार और अल्मोड़ा जिला प्रशासन पर युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटने का गंभीर आरोप लगाया है। अल्मोड़ा में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कल मुख्यमंत्री के दन्या आगमन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी और उन्हें 48 घंटे तक रानीखेत जेल में रखने की कड़ी निंदा की।

कहीं यह बात

जिस पर गोपाल भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के इतिहास में शायद यह पहली बार हुआ है जब युवाओं की आवाज़ को दबाने के लिए प्रशासन ने उन्हें इतनी लंबी अवधि तक हिरासत में रखकर प्रताड़ित किया है। उन्होंने इसे महज एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि लोकतंत्र की सीधी हत्या करार दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार युवाओं के तीखे सवालों से बुरी तरह डरी हुई है, लेकिन वह यह याद रखे कि जेल की सलाखें हमारे बुलंद हौसलों को कैद नहीं कर सकतीं।


​जनआंदोलन की चेतावनी

​धामी सरकार को सीधे तौर पर चेतावनी देते हुए युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि युवाओं की आवाज़ को इसी तरह कुचलने का प्रयास किया गया, तो संगठन पूरे प्रदेश में उग्र जनआंदोलन छेड़ने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पेपर लीक, भर्ती घोटालों, बढ़ती बेरोजगारी, बेलगाम भ्रष्टाचार और महिला अपराधों जैसे ज्वलंत मुद्दों पर जवाब देने से लगातार भाग रही है। कहा कि सरकार जितना दमन करेगी, युवा कांग्रेस का संघर्ष उतना ही उग्र होता जाएगा। अब लाठियां और जेल युवाओं को डराने के हथियार नहीं रह गए हैं। उत्तराखंड का युवा अपने अधिकार, रोजगार और सम्मान की लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक लड़कर रहेगा।


​ये कार्यकर्ता हुए थे गिरफ्तार

​मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विरोध दर्ज कराने पर युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट, जिलाध्यक्ष (अल्मोड़ा) विक्रम सिंह फर्त्याल, ब्लॉक अध्यक्ष राजकमल और छात्रसंघ के पूर्व संयुक्त सचिव गौरव सतवाल को प्रशासन ने हिरासत में लिया था।


​रहे मौजूद

​इस दौरान हुई प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से गोपाल भट्ट, जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, पूर्व संयुक्त सचिव (छात्रसंघ) गौरव सतवाल, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, प्रदेश महासचिव (युवा कांग्रेस) कमलेश बिष्ट, किरन आर्या और प्रदेश महासचिव प्रदीप बिष्ट समेत कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version