अल्मोड़ा: कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अल्मोड़ा पुलिस सामाजिक सरोकारों और मानवीय मूल्यों को सशक्त कर समाज के लिए एक मिसाल पेश कर रही है।
देखभाल और पुनर्वास के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’ पहुंचाया
जिला प्रशासन और अल्मोड़ा पुलिस ने संयुक्त रूप से सराहनीय पहल करते हुए कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र की 100 प्रतिशत दिव्यांग पूजा भंडारी को बेहतर देखभाल और पुनर्वास के लिए ‘वन स्टॉप सेंटर’ पहुंचाया है। इस पुनीत कार्य में स्थानीय ग्रामीणों, समाजसेवियों और स्वास्थ्य विभाग का भी विशेष सहयोग रहा। यह मामला कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम ककराड़ (पोस्ट मनान) का है। यहाँ की निवासी पूजा भंडारी 100 प्रतिशत दिव्यांग हैं और अपने माता-पिता व भाई-बहनों के अभाव में अकेले ही जीवन यापन कर रही थीं। पूजा केवल सुन और बोल सकती हैं। उन्हें संगीत से गहरा लगाव है और वे बेहद मधुर स्वर में गीत गाती हैं। उनकी इस विशेष और चुनौतीपूर्ण परिस्थिति को देखते हुए गाँव के समाजसेवी महिला-पुरुषों और स्वास्थ्य विभाग की एएनएम (ANM) बहनों द्वारा लगातार उनकी देखभाल और मदद की जा रही थी। वहीं इसमें रनमन (सोमेश्वर) निवासी समाजसेवी श्री धीरज पांडे का विशेष योगदान रहा। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर पूजा भंडारी की सहायता और पुनर्वास के लिए लगातार प्रयास किए। इसके साथ ही स्थानीय जागरूक नागरिकों और स्वास्थ्य विभाग की एएनएम बहनों का सहयोग भी इस मुहिम में अत्यंत सराहनीय रहा।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त पहल
ग्रामीणों ने पूजा भंडारी के बेहतर भविष्य और उचित देखभाल के लिए इच्छा व्यक्त की थी, जिसके बाद जिला प्रशासन और अल्मोड़ा पुलिस ने आपस में तालमेल बिठाकर त्वरित कार्रवाई की। बीते सोमवार (8 जून 2026) को संयुक्त प्रयासों से पूजा भंडारी को ‘वन स्टॉप सेंटर’ अल्मोड़ा में सुरक्षित दाखिल कराया गया, जहाँ अब उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी।आगामी प्रक्रिया के तहत पूजा को महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र, देहरादून भेजा जाएगा, ताकि उन्हें और बेहतर संरक्षण, आवश्यक उपचार तथा स्थायी पुनर्वास की सुविधाएं मिल सकें।