Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: नंदादेवी मेले की तैयारियों को लेकर मंदिर समिति ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, लंबित अनुदान जारी करने और महाअष्टमी पर अवकाश की मांग

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में ऐतिहासिक माँ नंदादेवी महोत्सव और वार्षिक मेले के सफल आयोजन को लेकर तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है।

डीएम से की मुलाकात

इस संबंध में माँ नंदादेवी मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर मेले की व्यवस्थाओं और अन्य महत्वपूर्ण मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को मेले के भव्य आयोजन की रूपरेखा से अवगत कराया। समिति ने प्रशासन से सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं में पूर्ण सहयोग का आग्रह किया। इसके साथ ही, समिति ने सांस्कृतिक और पर्यटन विभाग द्वारा वर्ष 2024 और 2025 के लिए स्वीकृत अनुदान की लंबित धनराशि को जल्द जारी करने की मांग की। समिति का कहना है कि धनराशि समय पर उपलब्ध होने से मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य तैयारियों को व्यवस्थित रूप देना आसान होगा।

की यह मांग

समिति ने एक प्रमुख मांग उठाते हुए 19 सितंबर 2026 को महाअष्टमी के अवसर पर पूरे उत्तराखंड में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का आग्रह किया है। इस मांग को लेकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रस्ताव भेजा गया है। समिति का तर्क है कि माँ नंदादेवी उत्तराखंड की लोक आस्था का केंद्र हैं, ऐसे में अवकाश घोषित होने से प्रदेशभर के श्रद्धालु अपनी आराध्य की पूजा-अर्चना में शामिल हो सकेंगे।

डीएम ने दिया आश्वासन

जिलाधिकारी ने मंदिर समिति की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मेले के सफल संपादन के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

रहें उपस्थित

इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, मुख्य संयोजक तारा चन्द्र जोशी, हरीश कनवाल, पार्षद अमित साह, पार्षद अर्जुन बिष्ट, पार्षद अभिषेक जोशी और पार्षद वंदना वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version