अल्मोड़ा: सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा और समूचे कुमाऊँ की सबसे प्राचीन व ऐतिहासिक श्री नंदादेवी रामलीला के तीसरे दिन जनक दरबार की भव्यता और रामायण के ऐतिहासिक प्रसंगों के जीवंत मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
रामलीला मंचन
वहीं मंच पर जैसे ही श्रीराम ने शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाई और धनुष टूटा, पूरा नंदादेवी परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। इसके बाद सीता स्वयंवर और परशुराम-लक्ष्मण संवाद की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिल्खवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, होटल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अरुण वर्मा तथा कुर्माचल नगर सहकारी बैंक के शाखा प्रबंधक हिमांशु साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मंच पूजन मंदिर के मुख्य पुजारी तारा दत्त जोशी ने संपन्न कराया।
परशुराम के अभिनय ने मोहा मन
रामलीला मंचन की शुरुआत श्रीराम स्तुति और छोटे-छोटे बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद स्वयंवर के दृश्य में विभिन्न राजाओं के घमंड टूटने और श्रीराम द्वारा धनुष भंग करने का भावपूर्ण मंचन किया गया। लीला के दौरान परशुराम-लक्ष्मण संवाद मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। परशुराम के पात्र में हर्षु जोशी ने अपने सशक्त और जीवंत अभिनय व संवाद अदायगी से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं, श्रीराम की भूमिका में द्रोण नेगी, लक्ष्मण के रूप में अविरल जोशी, सीता के रूप में किरन परगाई और राजा जनक के रूप में शशि मोहन पांडे ने अपनी कला का लोहा मनवाया। रावण के किरदार में हरि विनोद साह और बाणासुर की भूमिका में मुरली कांडपाल ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा।
रहें मुख्य अतिथि
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्श, त्याग, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नई पीढ़ी से रामलीला के माध्यम से इन जीवन मूल्यों को आत्मसात करने की अपील की। इस अवसर पर रामलीला कमेटी के मुख्य संयोजक प्रकाश पांडे, संयोजक संजय साह, उपाध्यक्ष चंद्र मोहन परगाई, महेंद्र सिंह बिष्ट और राजकुमार बिष्ट ने अतिथियों को राम प्रसादी भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन परितोष जोशी ने किया।
रहा योगदान
नंदादेवी मंदिर प्रांगण में अतुल वर्मा, महेंद्र बिष्ट, संदीप साह, राजकुमार बिष्ट, कविश अरोरा, जगदीश बिष्ट और राजेश पंत द्वारा तैयार जनक दरबार व परशुराम संवाद के भव्य सेट ने लीला में चार चांद लगा दिए। वहीं निर्देशक गणेश मेर, मेकअप आर्टिस्ट दानिश व राजू शर्मा तथा वेशभूषा प्रभारी हरीश बिष्ट व चंद्र मोहन परगाई के सहयोग से कलाकारों की प्रस्तुति और निखर कर सामने आई। संगीत पक्ष में हारमोनियम पर राजन नयाल, अनिल सनवाल, दीपक रावत तथा तबले पर शेखर सिजवाली व अरशद अंसारी ने सुर-ताल की जुगलबंदी से समां बांधा। दूर-दराज बैठे श्रद्धालुओं के लिए नमन बिष्ट द्वारा सोशल मीडिया पर सीधा प्रसारण भी किया गया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, कोषाध्यक्ष धनंजय साह, राजेश पालनी, दिनेश जोशी, अमरनाथ सिंह नेगी सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और रामभक्त उपस्थित रहे।