अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
किया औचक निरीक्षण
अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देशों के क्रम में औषधि निरीक्षक पूजा जोशी द्वारा जनपद के प्रमुख केंद्रीय औषधि भंडारों का औचक निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में केंद्रीय औषधि भंडार, जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में विस्तृत एवं गहन जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दवाओं से संबंधित क्रय बिल, स्टॉक रजिस्टर, वितरण विवरण एवं भंडारण व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि सभी औषधियां निर्धारित तापमान, स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुरक्षित रूप से संग्रहित की गई हैं।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि केंद्रीय औषधि भंडार से वितरित की जाने वाली दवाएं सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता एवं मानकों का पूर्ण रूप से पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आमजन को सुलभ, सुरक्षित एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना औषधि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जनपद में सरकारी एवं गैर-सरकारी औषधि विक्रय केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि दवाओं की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो।
दिए यह निर्देश
निरीक्षण के दौरान भंडार कर्मियों को दवाओं के उचित रखरखाव, अभिलेखों के सही संधारण तथा किसी भी दवा की गुणवत्ता पर संदेह की स्थिति में तत्काल औषधि प्रशासन को सूचित करने के निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि एनएसक्यू (मानक से निम्न गुणवत्ता) एवं स्प्यूरियस (नकली) दवाओं पर प्रभावी नियंत्रण औषधि प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है तथा इस दिशा में जनपद में निरंतर एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।