Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से मना ‘द मैपल एकेडमी’ का वार्षिकोत्सव, चमके नन्हें कलाकार, मेधावी हुए सम्मानित

​अल्मोड़ा: नगर के लोधिया स्थित ‘द मैपल एकेडमी’ का वार्षिकोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया।

कार्यक्रमों का आयोजन

इस समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समारोह का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मनोज तिवारी और दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि विद्यालय केवल किताबी ज्ञान देने का स्थान नहीं है, बल्कि यह बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का मुख्य केंद्र है।

​सर्वांगीण विकास पर दिया जोर

अतिथियों ने मंच पर बच्चों की अद्भुत प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन की मेहनत बच्चों के प्रदर्शन में साफ झलक रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। साथ ही उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद, संस्कृति और सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।

​मेधावियों का हुआ सम्मान

समारोह के दौरान शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक दीपक सिंह लटवाल, प्रधानाचार्या ममता लटवाल, समस्त शिक्षकगण और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

Exit mobile version