Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ‘मिशन संवाद’ के जरिए पुलिस परिवार के बच्चों को मिले सफलता के मंत्र, आयोजित की करियर काउंसलिंग गोष्ठी

अल्मोड़ा: पुलिस महानिरीक्षक (IG) कुमाऊं रेंज,  रिद्धिमा अग्रवाल की अनूठी पहल “मिशन संवाद – पुलिस परिवार के लिए करियर की नई राहें” के तहत गुरुवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा में एक भव्य करियर काउंसलिंग गोष्ठी का आयोजन किया गया। एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अल्मोड़ा और बागेश्वर जनपद के पुलिस परिवारों के बच्चों ने हिस्सा लिया और विशेषज्ञों से भविष्य संवारने के टिप्स सीखे।

दी यह जानकारी

​दिल्ली से आमंत्रित ‘गाइडेंस फॉर करियर’ संस्था के अनुभवी काउंसलरों ने बच्चों को आधुनिक युग में उपलब्ध रोजगार के विभिन्न अवसरों और करियर विकल्पों की विस्तार से जानकारी दी। मुख्य काउंसलर
राजीव मिश्रा के नेतृत्व में आई टीम ने बच्चों की व्यक्तिगत रुचि, क्षमता और अभिरुचि का आकलन किया। टीम ने बच्चों को बताया कि कैसे अपनी क्षमता के आधार पर विषयों का चयन करें और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए क्या रणनीति अपनाएं।

प्रेरक उदाहरणों से भरा उत्साह

​काउंसलिंग सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने सफल व्यक्तित्वों के प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किए। बच्चों को बताया गया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण और सुनियोजित तैयारी ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों के बच्चों को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाना था, ताकि वे सही दिशा में आगे बढ़ सकें। इस दौरान सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह ने मौजूद अभिभावकों (पुलिस कर्मियों) से भी संवाद किया। उन्होंने बच्चों के मानसिक और शैक्षणिक विकास के लिए घर में सकारात्मक वातावरण प्रदान करने और उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने पर जोर दिया।

एसएसपी ने जताया आभार

​एसएसपी अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके ने विशेषज्ञ काउंसलिंग टीम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और टीम के योगदान की सराहना की।

रहें उपस्थिति

गोष्ठी में सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रमेश चंद्र, उपनिरीक्षक (सशस्त्र पुलिस) मोहित कुमार सहित भारी संख्या में पुलिस परिवार के बच्चे और उनके परिजन मौजूद रहे।

Exit mobile version