Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: मोहन वन क्षेत्र में बाघ का आतंक, 9 पिंजरे, 2 ड्रोन और 36 ट्रैप कैमरों के साथ वन विभाग का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी



अल्मोड़ा: मोहन वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा डबरा सीराल, ग्राम सभा तड़म और काठ की नाव क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए वन विभाग ने हाई-अलर्ट जारी किया है।


लोगों को किया जा रहा जागरूक

विभाग ने रेस्क्यू और निगरानी अभियान शुरू कर दिया है। उप प्रभागीय वनाधिकारी रानीखेत के नेतृत्व में गठित विशेष टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार कैंप लगाकर गश्त कर रही हैं। बाघ की हर गतिविधि को ट्रैक करने के लिए 02 ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में 36 ट्रैप कैमरे और 02 लाइव कैमरे स्थापित किए गए हैं। बाघ को पकड़ने के लिए संभावित इलाकों में 09 पिंजरे लगाए जा चुके हैं।


​सुरक्षा बल तैनात

​गश्ती टीमों और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए विभाग द्वारा 06 एनाइडर, 07 फॉक्स लाइट, राइफल और गांधी बंदूकों का उपयोग किया जा रहा है। इसके साथ ही वन्यजीव के पगमार्गों (पंजों के निशान) और अन्य गतिविधियों की निरंतर मैपिंग की जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से आई विशेषज्ञ टीम और पशु चिकित्सकों (डॉक्टरों) की टीम को मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा सोमेश्वर रेंज और अल्मोड़ा रेंज की टीमें भी क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं और अभियान में सहयोग प्रदान कर रही हैं। लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।

Exit mobile version