Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: चिन्तोली में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो युवकों की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

देघाट (अल्मोड़ा): जनपद के देघाट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चिन्तोली में आज रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें दबने से दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दो लोगों की मौत

​जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 29 मार्च 2026 को ग्राम चिन्तोली के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना ग्राम प्रहरी चंदन सिंह द्वारा तत्काल थाना देघाट को दी गई। सूचना मिलते ही देघाट पुलिस की टीम बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची।

चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

​हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस बल ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। सभी चारों घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देघाट पहुँचाया गया।अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने दो युवकों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दर्शन सिंह (24 वर्ष), पुत्र छोदाण सिंह, निवासी चिन्तोली व चन्दन सिंह (24 वर्ष), पुत्र प्रेम सिंह, निवासी चिन्तोली के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान गोपाल सिंह (24 वर्ष), पुत्र गब्बर सिंह, निवासी चिन्तोली व नरेन्द्र सिंह (18 वर्ष), पुत्र दीवान सिंह, निवासी चिन्तोली के रूप में हुई है। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

Exit mobile version