Site icon Khabribox

अल्मोड़ा दुखद: अयारपानी के पास सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत

अल्मोड़ा से जुड़ी खबर सामने आई है। अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बिनसर क्षेत्र के अयारपानी के पास देर रात एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान भूपेंद्र सिंह (42 वर्ष) पुत्र चंद्र मान, निवासी भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है।

चालक की मौत

मिली जानकारी के अनुसार ट्रक अल्मोड़ा से ताकुला की ओर जा रहा था, तभी अयारपानी के पास वाहन अचानक फिसल गया। ट्रक को संतुलित करने के प्रयास में चालक नीचे उतरकर पहियों के आगे पत्थर लगाने लगा, लेकिन इसी दौरान भारी लोडेड ट्रक नीचे की ओर खिसक गया और चालक वाहन व पैराफिट के बीच बुरी तरह फंस गया। तभी सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत चालक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक में अत्यधिक भार होने के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना रात 1:31 बजे जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी के माध्यम से रेस्क्यू टीम को दी गई। सूचना मिलते ही कंपनी टू आईसी के निर्देश पर मुख्य आरक्षी 506 नवीन कुँवर के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम 1:35 बजे सरकारी वाहन यूके 00 जीए 2753 और आवश्यक उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने एयर लिफ्टिंग बैग की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

रहे शामिल

रेस्क्यू अभियान में मुख्य आरक्षी नवीन कुर्वेर, मुख्य आरक्षी हरीश चंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी आशीष रावत, कांस्टेबल रविंद्र चंद्र, जगमोहन, प्रदीप, दीपचंद और जगदीश शामिल रहे।

Exit mobile version