सल्ट (अल्मोड़ा): जनपद के थाना सल्ट क्षेत्र अंतर्गत चिमटा खाल बैंड के पास आज गुरुवार को एक अनियंत्रित ट्रक करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक सवार दो लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू कर अस्पताल भिजवाया।
ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या UP 71T 3441 उत्तर प्रदेश के चांदपुर से चूना लादकर मार्चुला स्थित सड़क प्लांट की ओर जा रहा था। चिमटा खाल बेंड के पास चढ़ाई और तीखे मोड़ पर अचानक ट्रक के ब्रेक सही से नहीं लग पाए। संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50–60 मीटर नीचे जा गिरा।
पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सल्ट,कश्मीर सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया और ट्रक में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
घायलों का विवरण
• दानिश (36 वर्ष): चालक, निवासी नेहटोर, जनपद बिजनौर।
• अकरम: परिचालक, निवासी नेहटोर, जनपद बिजनौर।
अस्पताल में उपचार जारी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहन के माध्यम से उपचार के लिए रामनगर अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों को सामान्य चोटें आई हैं और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।