Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: UKD ने मसूरी गोलीकांड के शहीदों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने का दोहराया संकल्प

अल्मोड़ा: उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के अल्मोड़ा जिला कार्यालय में 2 सितंबर 1994 को हुए ऐतिहासिक मसूरी गोलीकांड के नौ शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।

दी श्रद्धांजलि

इस दौरान दल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अतुलनीय बलिदान को याद किया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए UKD जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्र जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण एक लंबे और कठिन संघर्ष का परिणाम है। मसूरी गोलीकांड के शहीदों ने राज्य की अस्मिता के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान को केवल याद करना ही काफी नहीं है, बल्कि उनके विचारों और सपनों को धरातल पर उतारना सबसे ज्यादा जरूरी है। दल के मुख्य वक्ता विनय किरौला ने कहा कि गैरसैंण को उत्तराखंड की स्थायी राजधानी बनाना राज्य आंदोलन की मूल भावना थी। गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाकर ही पहाड़ केंद्रित विकास संभव है। UKD आज भी गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के अपने संकल्प पर पूरी तरह कायम है और जनभावनाओं के अनुरूप विकास की दिशा तय करने के लिए संघर्षरत रहेगा।

लिया संकल्प

कार्यक्रम के अंत में जिला महामंत्री प्रताप सिंह बिष्ट, अक्षय टम्टा, जगदीश जोशी सहित सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं ने शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने, पलायन रोकने और बेरोजगारी के खिलाफ संघर्ष को जारी रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Exit mobile version