Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ‘ऑपरेशन भल छौ’ बनकर बुजुर्गों के घर पहुंची महिला पुलिस, जाना हाल-चाल, दिया सुरक्षा का भरोसा

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में वरिष्ठ नागरिकों और अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा व सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अल्मोड़ा पुलिस का ‘ऑपरेशन भल छौ’ अभियान जारी है।

हरसंभव मदद का दिया भरोसा

इसी क्रम में, महिला कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनकी कुशल-क्षेम जानी और उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। एसएसपी चन्द्रशेखर घोडके के निर्देशानुसार, महिला कोतवाली की प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के एकल बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान टीम में शामिल अपर उप निरीक्षक बीना दोसाद, महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और कविता रानी ने बुजुर्गों से उनके स्वास्थ्य और अन्य समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की।

​सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

​पुलिस टीम ने केवल बुजुर्गों का हाल-चाल ही नहीं जाना, बल्कि उन्हें वर्तमान समय में होने वाले अपराधों और सुरक्षा मानकों के प्रति भी जागरूक किया। साइबर फ्रॉड और हालिया चर्चित ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे खतरों से बचने के उपाय बताए गए। केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए नए आपराधिक कानूनों के मुख्य प्रावधानों की जानकारी दी गई। आपात स्थिति में मदद के लिए डायल 112, साइबर हेल्प नंबर 1930 और आपदा प्रबंधन हेल्प लाइन 1070 के बारे में विस्तार से समझाया गया। यातायात सुरक्षा और नियमों के पालन के महत्व पर भी चर्चा की गई।

Exit mobile version