Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: ​शौर्य, सम्मान और समर्पण: एसएसजे परिसर में सज उठा ‘वीरांगना फेस्ट’, कैडेट्स का दिखा दमखम, इन्हें मिला सम्मान

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना (एसएसजे) परिसर के स्वामी विवेकानन्द ऑडिटोरियम में 24 यूके छात्रा वाहिनी एनसीसी द्वारा ‘वीरांगना फेस्ट’ और ‘रैंक सेरेमनी’ का भव्य आयोजन किया गया।

भव्य आयोजन

जिसमें दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में देशभक्ति और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण रहा, जब कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) में ‘मानद कर्नल’ और ‘कर्नल कमांडेंट’ नियुक्त किए जाने की आधिकारिक घोषणा की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि व सीडीओ रामजी शरण शर्मा, कार्यक्रम संरक्षक व कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, डीएसडब्ल्यू प्रो. शेखर चन्द्र जोशी, और कार्यक्रम संयोजक लेफ्टिनेंट डॉ. ममता पंत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद कैडेट्स द्वारा राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और विश्वविद्यालय के कुलगीत की शानदार प्रस्तुति दी गई।

​अतिथियों ने सराहा कैडेट्स का जज्बा

​कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कैडेट्स का उत्साहवर्धन करते हुए अपने विचार साझा किए। कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि”विश्वविद्यालय के कैडेट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। छात्रा कैडेट्स देश की सुरक्षा के साथ-साथ समाज को जागरूक करने में भी अपना अहम योगदान दे रही हैं।” सीडीओ रामजी शरण शर्मा ने कहा कि “एनसीसी राष्ट्र की नींव है। मैं खुद भी अपने छात्र जीवन में एनसीसी कैडेट रहा हूँ और मुझे इस पर गर्व है। बिना कठिन परिश्रम के लक्ष्य प्राप्त करना असंभव है, इसलिए हमेशा अनुशासित रहकर आगे बढ़ें।” प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट (परिसर निदेशक) ने कहा कि ‘वीरांगना फेस्ट’ की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्र हमेशा हमारी पहली प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने छात्राओं को सेना में उज्ज्वल भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रो. शेखर चन्द्र जोशी (DSW) न “एनसीसी युवाओं में उत्कृष्ट चरित्र और तन्मयता की भावना का विकास करती है।” प्रो. रूबीना अमान (विभागाध्यक्ष, रसायन विज्ञान) ने कहा कि “लड़कियों को घर और कार्यक्षेत्र दोनों संभालना पड़ता है। घरेलू दायरे से बाहर निकलकर हमारी छात्रा कैडेट्स ने जो उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह सराहनीय है।”
​रैंक सेरेमनी

​कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा कैडेट्स को उनकी लगन और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए रैंक प्रदान की गई। जिसमें-
• ​SUO: प्राची गोस्वामी
• ​UO: हिमानी रावत, तनिष्का कपिल, हर्षिता राणा
• ​सीनियर सार्जेंट: कंचना
• ​सार्जेंट: काजल आर्या, शिवानी तिवारी, निकिता भाकुनी
• ​कॉर्पोरल: नेहा रावत
• ​लांस कॉर्पोरल: भावना और ललिता नैनवाल

किया सम्मानित

इस फेस्ट के दौरान 24वीं और 77 यूके बटालियन के उन कैडेट्स को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

फेस्ट में छात्रा कैडेट्स ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। ‘पहलगाम अटैक’ पर आधारित एक भावुक नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर कैडेट्स ने देश के वीर शहीदों को नमन किया, जिसे देखकर ऑडिटोरियम में मौजूद हर शख्स भावुक हो उठा। इसके अलावा शास्त्रीय नृत्य, कुमाउनी लोक नृत्य, नेपाली और गुजराती लोक नृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

रहें मौजूद

24 बटालियन की ए.एन.ओ. लेफ्टिनेंट डॉ. ममता पंत ने बटालियन की उपलब्धियों और सैन्य प्रशिक्षण की विस्तृत रिपोर्ट पेश की। पूरे कार्यक्रम का कुशल संचालन UO तनुजा और SUO सोनी राणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चन्द्र जोशी सहित बटालियन के जेसीओ, पीआई स्टाफ और भारी संख्या में कैडेट्स मौजूद रहे।

Exit mobile version