Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: वट सावित्री पर्व: सुहागिनों ने व्रत रख मांगा अखंड सौभाग्य, विधि विधान से की पूजा-अर्चना


अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को वट सावित्री का पर्व पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

महिलाओं ने की पूजा-अर्चना

जिसमें सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु और अखंड सौभाग्य के लिए वट सावित्री का व्रत रखा और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही नए परिधानों में सजी-धजी महिलाएं पूजा की थाली लेकर वट वृक्ष (बरगद के पेड़) के पास जुटने लगी थीं। नगर और ग्रामीण इलाकों में महिलाओं ने सामूहिक रूप से वट वृक्ष की पूजा की। महिलाओं ने वृक्ष पर जल अर्पित कर कुमकुम, अक्षत और फूल चढ़ाए। इसके बाद वट वृक्ष के चारों ओर रक्षा सूत्र (कलावा) बांधकर परिक्रमा की और आरती उतारी। पूजा के समापन पर महिलाओं ने वृक्ष से गले मिलकर अपने पति की दीर्घायु की कामना की।

त्रिदेवों का वास है वट वृक्ष में

खत्याड़ी देवी मंदिर के पुरोहित विजय जोशी ने महिलाओं को सामूहिक पूजा कराते हुए बताया कि वट वृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु और महेश, तीनों देवताओं की शक्ति निहित मानी जाती है। पूजा के दौरान पुरोहितों ने महिलाओं को वट-सावित्री की पौराणिक कथा भी श्रवण कराई। इस मौके पर भारी संख्या में महिलाओं ने एकत्र होकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। इसके अलावा
मल्ला जोशी खोला में पुरोहित प्रमोद चंद्र लोहनी ने महिलाओं को पूरे विधि-विधान के साथ वट सावित्री का पूजन संपन्न कराया। इस दौरान प्रीति कनवाल, ममता कनवाल, उमा नेगी, रेनू चौहान सहित कई सुहागिनों ने व्रत रखकर सुख-समृद्धि की कामना की।

Exit mobile version