Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: विक्टोरिया प्रीमियर लीग: नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर की शानदार जीत, यश सनशाइन वॉरियर्स पहुंची फाइनल में

​अल्मोड़ा: अल्मोड़ा में खेली जा रही विक्टोरिया प्रीमियर लीग में मंगलवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मैच में नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर ने विक्टोरिया को बड़े अंतर से हराया, जबकि पहले क्वालिफायर मैच को जीतकर यश सनशाइन वॉरियर्स की टीम ने सीधे फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

​नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर ने 82 रनों से दर्ज की जीत

​दिन का पहला मुकाबला विक्टोरिया और नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर के बीच खेला गया। विक्टोरिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी के लिए उतरी नितिन कम्युनिकेशन स्ट्राइकर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में विशाल 246 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए कमल भट्ट ने 39 गेंदों पर 68 रन और संतोष जोशी ने मात्र 22 गेंदों में 55 रन बनाए। ​लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्टोरिया की टीम 20 ओवर में 164 रन ही बना सकी। विक्टोरिया की तरफ से जगदीश बिष्ट ने 31 गेंदों में 73 रनों की तेज पारी खेली, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके। नितिन कम्युनिकेशन ने यह मुकाबला 82 रनों के बड़े अंतर से जीत लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए नितिन कम्युनिकेशन के कमल भट्ट को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

​यश सनशाइन वॉरियर्स ने रॉयल क्रिकेट क्लब को हराकर फाइनल में किया प्रवेश

​दिन का दूसरा मुकाबला पहला क्वालिफायर मैच था, जो रॉयल क्रिकेट क्लब और यश सनशाइन वॉरियर्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर यश सनशाइन वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। घातक गेंदबाजी के सामने रॉयल क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 20 ओवरों में महज 108 रनों पर ऑलआउट हो गई। यश सनशाइन की ओर से गेंदबाजी करते हुए अंकित ने 3 विकेट झटके, जबकि सागर और हर्ष ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। 109 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी यश सनशाइन वॉरियर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 9.2 ओवरों में ही जीत हासिल कर ली। टीम के बल्लेबाज सागर ने ताबड़तोड़ अंदाज में 21 गेंदों पर 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सागर को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
​
रहें मुख्य अतिथियों

​सुबह के पहले मुकाबले में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका मार्गदर्शन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में उत्तराखंड सरकार के पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और शुभकामनाएं दीं।

Exit mobile version