Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: किराए के कमरे में रह रही युवती की संदिग्ध हालात में मौत, पुलिस जांच में जुटी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र के मनान से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ किराए के मकान में रह रही 24 वर्षीय युवती वंदना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।

युवती की मौत

मिली जानकारी के अनुसार मनान में किराए के कमरे में रह रही 24 वर्षीय युवती वंदना पुत्री खुशीराम की शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतका मूल रूप से मीरपुर जसपरापुर सरैया, कन्नौज (उत्तर प्रदेश) की निवासी थी। परिवार वर्तमान में मनान में किराए पर रहता है और यहां मीट की दुकान चलाता है। परिवार में खुशीराम की पत्नी पुष्पा देवी, पुत्र संदीप कुमार, पुत्रियां वंदना, मनीषा सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। मृतका घरेलू कार्य करती थी। शुक्रवार शाम करीब 112 नंबर पर पुलिस को सूचना मिली कि मनान में एक युवती ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। मौके पर युवती फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी। मृतका के भाई संदीप कुमार ने पुलिस को जानकारी दी कि उसकी बहन वंदना ने घर के अंदर फांसी लगा ली थी, जिसे देखने के बाद उसने फंदे से नीचे उतारा। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए और युवती को तुरंत उप जिला अस्पताल सोमेश्वर भिजवाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुलिस ने पंचनामे की औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की गहनता से जाँच शुरू कर दी है। इस संबंध में कोतवाल मदन मोहन जोशी का कहना है कि पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जाँच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Exit mobile version