Site icon Khabribox

अल्मोड़ा: युवाओं में दिखा सेना में जाने का जज्बा: सर्वोदय इण्टर कॉलेज में NCC आर्मी विंग की भर्ती आयोजित, किया पौधारोपण

अल्मोड़ा: 77 यूके बटालियन एनसीसी (UK BN NCC) अल्मोड़ा के तत्वावधान में आज बुधवार को सर्वोदय इण्टर कॉलेज (SIC) जैती में एनसीसी आर्मी विंग कैडेट्स की भर्ती प्रक्रिया का आयोजन किया गया।

भर्ती प्रक्रिया का आयोजन

इस भर्ती को लेकर छात्रों में भारी उत्साह और जोश देखने को मिला। यह भर्ती प्रक्रिया एनसीसी अल्मोड़ा के कमान अधिकारी कर्नल जितेंद्र शर्मा के कुशल निर्देशन में संपन्न हुई। भर्ती रैली का संचालन बटालियन के हवलदार संजय बिष्ट और कैप्टन एस. एस. बिष्ट द्वारा किया गया। चयन प्रक्रिया के तहत छात्र-छात्राओं के शारीरिक परीक्षण (फिजिकल), लिखित परीक्षा और साक्षात्कार (इंटरव्यू) का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कैप्टन एस. एस. बिष्ट ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में एकता, अखंडता और अनुशासन की भावना विकसित करती है। साथ ही, इसके माध्यम से युवाओं को भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का सुनहारा अवसर भी मिलता है।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

भर्ती प्रक्रिया के दौरान सामाजिक व पर्यावरणीय जिम्मेदारियों को निभाते हुए कैडेट्स ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत बांज के पौधों का रोपण भी किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की वरिष्ठ प्रवक्ता कमला आर्य का विशेष सहयोग रहा। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश वर्मा ने चुने गए और भाग लेने वाले सभी कैडेट्स को जीवन में सफलता प्राप्त करने तथा अनुशासित रहकर आगे बढ़ने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उनके संबोधन के साथ ही भर्ती रैली का समापन हुआ।

रहें उपस्थित

इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Exit mobile version