Site icon Khabribox

अल्मोड़ा की सांस्कृतिक धरोहर ‘मां नंदादेवी मेले’ का होगा भव्य आगाज, उद्घाटन का सीएम धामी को मिला न्योता, मंदिर समिति ने की मुलाकात

उत्तराखंड: अल्मोड़ा में सितंबर में प्रसिद्ध और ऐतिहासिक मां नंदादेवी मेला आयोजित होने वाला है। मेले के भव्य शुभारंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं।

दिया औपचारिक निमंत्रण

इसी क्रम में नंदादेवी मंदिर समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण सौंपा। मुलाकात के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मेले की व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह मेला अल्मोड़ा की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, जिसमें हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री का आश्वासन

मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मेले के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी हैं और उद्घाटन अवसर पर अल्मोड़ा आने के साथ-साथ हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया है। समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा बढ़ेगी और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

रहे मौजूद

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले दल में मेयर अजय वर्मा, नंदादेवी मंदिर समिति के अध्यक्ष मनोज वर्मा, सचिव मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह ‘मोनू’, मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन बिष्ट चीमा, पार्षद अभिषेक जोशी और समिति सदस्य संजय साह ‘रिक्खू’ प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Exit mobile version