Site icon Khabribox

Asian Games 2023: चीन में होने वाले एशियन गेम्स का आज होगा भव्य उद्घाटन, 45 देशों के खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दम

खेल जगत से जुड़ी खबर सामने आई है। एशियाई खेलों का 19वां सीजन आज 23 सितंबर को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ चीन में आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगा। इस आयोजन में एशिया भर के 45 देशों के एथलीट 40 विभिन्न खेलों में भाग लेंगे।इसके कुछ कार्यक्रम 19 सितंबर से शुरू हो चुके हैं।

कोरोना महामारी के चलते, 2022 में आयोजित नहीं हो पाया था 19 वां संस्करण

बता दें कि 19वें एशियन गेम्स का आयोजन 2022 में होना तय था, परंतु कोरोना महामारी के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। यह खेल हर चार साल में आयोजित किया जाता हैं, लेकिन इस बार इसका आयोजन पांचवें साल हो रहा है। एशियाई खेल 2023 का उद्घाटन समारोह हांग्जो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर में आयोजित किया जाएगा।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी उद्घाटन समारोह में होगें शामिल

उद्घाटन समारोह में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल होंगे। समारोह के दौरान दुनिया को चीनी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, इस दौरान शानदार इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी का प्रदर्शन भी किया जाएगा। एशियाई खेलों के इतिहास में यह पहला डिजिटल इग्निशन समारोह होगा।

भारत की ओर से 655 एथलीट करेंगे प्रतिभाग

भारत की ओर से 39 खेलों के लिए 655 एथलीट प्रतिभाग करेंगे।एशियन गेम्स के माध्यम से एथलीट पेरिस ओलंपिक 2024 के लिए क्वालीफाई कर सकते हैं। भारत की ओर से पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ध्वजवाहक होंगे।

सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकेंगे उद्घाटन समारोह

एशियाई खेलों का उद्घाटन समारोह आज शाम 5.30 बजे हांग्जो ओलंपिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में शुरू होगा। भारत में सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के विभिन्न चैनलों पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके साथ ही Sonyliv ऐप पर लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।

Exit mobile version