Site icon Khabribox

बागेश्वर: विदेश में नौकरी का सपना पड़ा भारी,‌ साइबर ठगों ने युवक से ठगे 3.17 लाख रुपए

बागेश्वर: विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है।

जानें क्या है मामला

यहां कपकोट क्षेत्र के पुडकुनी निवासी एक युवक को यूके (UK) में नौकरी दिलाने का झांसा देकर शातिरों ने 3.17 लाख रुपये ठग लिए। जानकारी के अनुसार पीड़ित महेश सिंह मेहरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मार्च 2026 में उसने फेसबुक पर ‘अज़ारक लिमिटेड यूके’ का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने के बाद, टेलीग्राम पर रोहन कुमार नाम के एक व्यक्ति ने खुद को एजेंट बताकर उसे यूके की कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। विश्वास दिलाने के लिए आरोपियों ने ईमेल के जरिए उसे एक फर्जी जॉइनिंग लेटर भी भेजा। बताया कि इसके बाद रोहन कुमार और उसके साथी डस्टिन ब्रेडशा ने वर्क इनविटेशन, यूके वीजा, हेल्थ इंश्योरेंस और वीएफएस ग्लोबल प्रोसेसिंग फीस के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग बैंक खातों में कुल 3,17,090 रुपये जमा करवाए। पैसे जमा करने के बाद भी जब उसे वीजा नहीं मिला और आरोपियों ने और अधिक पैसों की मांग शुरू कर दी, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।

मुकदमा दर्ज

पीड़ित की शिकायत पर कपकोट थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों और संबंधित कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version