April 17, 2024

Khabribox

Aawaj Aap Ki

बागेश्वर: काण्डा पुलिस ने 24 घण्टे के भीतर हत्या के आरोपियों को किया गिरफ्तार


दिनांकः 08-08-2021 को थाना काण्डा को हैल्पलाइन न0- 112 से सूचना मिली कि कपूरी(काण्डा) में एक आदमी की मृत्यु हो गई है। जिसके बाद इस सूचना पर थाना प्रभारी काण्डा खुशवन्त सिंह पुलिस टीम के साथ शीघ्र ही घटनास्थल के लिए रवाना हुए। जहां घटनास्थल कपूरी-मलसूना नदी के पास मृतक रविन्द्र सिंह पुत्र हयात सिंह निवासी- धपोलासेरा का शव मिला, जिसके शरीर में गोली लगी हुई थी। घटनास्थल पर जांच के दौरान टीम को 12 बोर दो नाल कारतूसी 01 बन्दूक बरामद हुई। थाना प्रभारी द्वारा मौके पर मृतक का पंचायतनामा भरकर अन्य आवश्यक कार्यवाही करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला चिकित्सालय बागेश्वर भेजा गया। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अल्मोड़ा से शीघ्र ही फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से मिले बन्दूक से फिंगर प्रिन्ट लिये जाने के साथ-साथ अन्य आवश्यक जानकारी इकट्ठा की गई।

शिकार के लिए दोस्तों के साथ गया था मृतक-

वही मृतक रविन्द्र सिंह के चाचा भगवान सिंह धपोला पुत्र नारायण सिंह द्वारा थाना काण्डा में तहरीर दी की दिनांकः 07-08-2021 को उनका भतीजा रविन्द्र सिंह पवन सिंह धपोला व संजय सिंह नगरकोटी के साथ शिकार के लिए सिरपूली ग्राम मलसूना(कपूरी) क्षेत्र में गये थे। जहां पर शिकार के दौरान पवन सिंह व संजय सिंह द्वारा दो नाली कारतूसी बन्दुक से गोली मारकर रविन्द्र की हत्या कर दी। वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना हाजा में मु0अ0सं0- 09/21, धारा- 302 भा0द0वि0 का अभियोग पंजीकृत किया गया। वही प्रकरण में पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी व प्रकरण की जांच के सम्बन्ध में थाना प्रभारी काण्डा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

उपरोक्त दोनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार-

प्रकरण में क्षेत्राधिकारी कपकोट के निकट पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी काण्डा द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम के अथक प्रयासों व सुरागरसी/पतारसी के उपरान्त टीम उ0नि0 श्री खुशवन्त सिंह थाना प्रभारी काण्डा, आरक्षी अशोक कुमार, आरक्षी विरेन्द्र सिंह, आरक्षी राजकुमार ने दिनांकः 09-08-2021 को नामजद उपरोक्त दोनों आरोपियों पवन सिंह धपोला पुत्र सुरेन्द्र सिंह निवासी- भदौरा, काण्डा उम्र- 33 वर्ष, संजय सिंह नगरकोटी पुत्र नन्दन सिंह नगरकोटी निवासी- महरगांव, काण्डा उम्र- 39 वर्ष को 24 घंटे के भीतर मन्तोली तिराहा से गिरफ्तार किया गया। जिन्हें आज दिनांकः 10-08-2021 को  न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।