Site icon Khabribox

बागेश्वर: दोहरे हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी ने की थी प्रेमिका और उसके बेटे की हत्या, बताई हत्या की हैरान वजह

बागेश्वर से जुड़ी खबर सामने आई है। बागेश्वर में पुलिस ने दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।

प्रेमी निकला हतयारा

मिली जानकारी के अनुसार गरुड़ तहसील के बैजनाथ थाना क्षेत्र के पिंगलो में हुए दोहरे हत्याकांड का हत्यारा प्रेमी निकला। आरोपी मुन्ना महतो निवासी सकरौल, चंपारण (बिहार) ने प्रेमिका को रास्ते से हटाने के लिए घटना को अंजाम दिया है। आरोपी दिल्ली में चाय की दुकान चलाता था। उसी मोहल्ले में मृतका भी रहती थी। प्रेमिका के किसी अन्य से फोन पर बात करने से दोनों में अनबन रहने लगी। आरोपी ने प्रेमिका को ठिकाने लगाने की ठान ली। पिंगलों लाकर घटना को अंजाम दिया। उसने दोनों की हत्या के लिए पिंगलो को चुना। पूछताछ में बताया कि वह शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। वहीं महिला का पति पंजाब में नौकरी करता है। आरोपी घटना के पहले दिन पांच फरवरी को कुमकुम देवी (35) और उसके बेटे उत्तम (08) को दिल्ली से पिंगलो लेकर आया था। रात में उसने पिंगलो के हैगाड़ गधेरे में पहले कुमकुम देवी पत्नी राजू निवासी बेतिया (बिहार) और उसके बेटे उत्तम (08) पुत्र राजू को भी मौत के घाट उतार दिया। दोनों को गला दबाकर मारा गया था। दोनों की मौत के बाद आरोपी ने चाकू से उनके चेहरे बिगाड़ने की कोशिश की।

पिंगलो में दिया घटना को अंजाम

दरअसल बीती 6 फरवरी को बैजनाथ थाना क्षेत्र के पिंगलो गांव के हैगाड़ गधेरे में महिला और बच्चे का शव बरामद हुआ था। दोनों शवों के चेहरे खराब किए गए थे। घटना के पांचवें दिन पुलिस उपाधीक्षक ऑपरेशन अंकित कंडारी ने बागेश्वर ने मामले का खुलासा किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को दिल्ली से आईपीसी की धारा 302 के तहत गिरफ्तार किया।

नकद पुरस्कार की घोषणा

सीओ ऑपरेशन अंकित कंडारी ने बताया कि दोहरे हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र नीलेश आनंद भरणे ने 25000 और एसपी हिमांशु वर्मा ने 15000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया है।

Exit mobile version